*फर्जी पहचान पर लगेगी रोक, ट्रांसविल कानून को लेकर न फैलाएं भ्रम*
आर बी रघुवंशी पत्रकार मैनपुरी
लखनऊ।उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में किन्नर समाज की प्रमुख सदस्य प्रियंका सिंह रघुवंशी किन्नर ने समुदाय के लोगों से अपील करते हुए कहा है कि वे हाल ही में फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत सरकार द्वारा पारित ट्रांसविल ट्रांसजेंडर से संबंधित कानून का उद्देश्य किन्नर समाज के अधिकारों की रक्षा करना और व्यवस्था को मजबूत बनाना है, न कि उनकी परंपराओं या आजीविका पर रोक लगाना। प्रियंका सिंह रघुवंशी ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि बधाई जैसी पारंपरिक प्रथाएं बंद कर दी जाएंगी, जबकि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। यह कानून उन लोगों पर नियंत्रण के लिए बनाया गया है जो फर्जी दस्तावेजों के जरिए किन्नर समाज में शामिल होकर उसका गलत लाभ उठाते हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग वास्तविक रूप से किन्नर समाज से जुड़े हैं, उन्हें किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। सरकार का यह कदम समाज की पहचान और गरिमा को सुरक्षित रखने के लिए उठाया गया है। अंत में उन्होंने सभी से अपील की कि वे जागरूक रहें, अफवाहों से दूर रहें और केवल प्रमाणिक जानकारी पर ही विश्वास करें।
