- *डीएम ने किया समान पक्षी विहार का निरीक्षण: इको-टूरिज्म विकास और वन्यजीव संरक्षण के बीच संतुलन पर जोर*

*मृदुल कुमार कुलश्रेष्ठ सिटी रिपोर्टर मैनपुरी*
मैनपुरी, 2 जून, जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने समान पक्षी विहार क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर वहां इको-टूरिज्म गतिविधियों के विकास, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार तथा वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की व्यापक समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वन और राजस्व विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्यटन विकास की किसी भी योजना को तैयार करते समय पर्यावरणीय संतुलन और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास की सुरक्षा के मानकों का पूर्णतः पालन किया जाए।
डीएम ने पक्षी विहार के विभिन्न क्षेत्रों, जल स्रोतों और वन्यजीवों की गतिविधियों का अवलोकन करते हुए विकास कार्यों के लिए 02 से 06 हेक्टेयर तक की संभावित ग्राम सभा भूमियों का राजस्व अभिलेखों के आधार पर सत्यापन करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि पक्षी विहार की अधिसूचित सीमा के बाहर उपलब्ध उपयुक्त भूमि का प्रस्ताव आज ही तैयार कर उपलब्ध कराया जाए, जिसके साथ वन विभाग का अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) और भूमि का नजरी-नक्शा भी अनिवार्य रूप से संलग्न हो। इसके अतिरिक्त, उन्होंने पर्यटकों की सुविधा के लिए तकनीकी और पर्यावरणीय परीक्षण के बाद वॉच टावर विकसित करने तथा कच्चे मार्गों को पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप सुधारने की कार्य-योजना बनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने समान पक्षी विहार को प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि योजनाओं का उद्देश्य केवल पर्यटन को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करना भी होना चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को चिन्हित स्थलों का संयुक्त सर्वेक्षण कर एक विस्तृत और व्यवहारिक परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा, उप जिलाधिकारी किशनी गोपाल शर्मा सहित वन व राजस्व विभाग के अधिकारी और स्थानीय ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।
