जिला निर्वाचन अधिकारी ने आगामी विधानसभा चुनाव तैयारियों का लिया जायजा, तहसीलों में वीआरसी कक्ष संचालित करने के निर्देश*

*जिला निर्वाचन अधिकारी ने आगामी विधानसभा चुनाव तैयारियों का लिया जायजा, तहसीलों में वीआरसी कक्ष संचालित करने के निर्देश*को

*रामबाबू रघुवंशी,ब्यूरो चीफ मैनपुरी*
मैनपुरी 12 नवंबर, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के संदर्भ में करहल, किशनी और भोगांव तहसीलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को निर्देश दिए कि वे तत्काल अपने-अपने तहसील के वीआरसी कक्ष को ‘वीआरसी कम निर्वाचन कक्ष’ के रूप में संचालित कराएं। उन्होंने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त फॉर्मों को अलग-अलग रंगों के बस्तों में बांधकर विधानसभावार तहसीलों के अभिलेखागार में सुरक्षित रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी पहचान आसानी से हो सके। यह कार्य खंड विकास अधिकारी और तहसीलदार न्यायिक संयुक्त रूप से रविवार तक पूरा करें।
रिकॉर्ड अभिलेखागार में पहुंचाने के बाद संबंधित कक्ष की पुताई, आंतरिक विद्युत व्यवस्था, फर्नीचर और कंप्यूटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, कक्ष में 2 अन्य कंप्यूटर ऑपरेटर तैनात करने और खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से कम से कम 5 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को निर्वाचन कक्ष से संबद्ध करने के आदेश दिए गए, ताकि डाक वितरण जैसे कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हो सकें।
समीक्षा बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को दूरभाष के माध्यम से प्रशिक्षण में शत-प्रतिशत भागीदारी के लिए निर्देशित किया जाए। प्रशिक्षण में बीएलओ को उनके दायित्वों और कार्यों की गहन जानकारी दी जाए ताकि उन्हें कार्य के दौरान कोई असुविधा न हो। इसके अलावा, एस.एस.आर. अभियान के तहत 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने और जेंडर रेशियो में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया।
अभियान के दौरान बीएलओ के माध्यम से परिवार के मुखिया को मतदाता सूची का अवलोकन कराने और प्रत्येक पात्र वयस्क का नाम सूची में शामिल होने का प्रमाण पत्र लेने के निर्देश दिए गए। साथ ही, निर्वाचन कार्यों का विभाजन कर लिखित रूप में ड्यूटी लगाने और एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान करहल, किशनी और भोगांव के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *