दिल्‍ली :20 फरवरी को शपथग्रहण समारोह

19 को विधायक दल की बैठक, शपथ में पीएम  समेत 20 राज्यों के मुख्यमंत्री आएंगे
नई दिल्ली।एजेंसी
दिल्ली विधानसभा चुनाव रिजल्ट के 12 दिन बाद 20 फरवरी को नए मुख्यमंत्री रामलीला मैदान में शपथ लेंगे। हालांकि, भाजपा ने अब तक सीएम फेस तय नहीं किया है। पार्टी विधायक दल की बैठक 19 फरवरी को बुलाई गई है, जिसमें सीएम की घोषणा होगी।
इससे पहले 16 फरवरी शाम को खबर आई कि 17 फरवरी, यानी आज विधायक दल की बैठक होगी और 18 फरवरी को शपथ ग्रहण समारोह होगा। हालांकि, कुछ देर बाद इसे दो दिन के लिए टाल दिया गया। इसकी वजह नहीं बताई गई।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम दिल्ली के रामलीला मैदान में होगा। इसमें प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्री, भाजपा और एनडीए शासित 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम शामिल होंगे। इसके अलावा उद्योगपति, फिल्म स्टार, क्रिकेट खिलाड़ी, साधु-संत और राजनयिक भी आएंगे।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के 12 से 16 हजार लोगों को भी बुलाने की तैयारी की गई है। कार्यक्रम की व्यवस्था की देखरेख के लिए भाजपा महासचिव विनोद तावड़े और तरुण चुघ को प्रभारी बनाया गया है।
————————————–
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा-
जनता को उम्मीद थी कि 8 फरवरी को रिजल्ट के बाद 9 फरवरी को सीएम की घोषणा और 10 फरवरी को शपथ हो जाएगा। दिल्ली की जनता चाहती थी कि हमारा काम 11 फरवरी से शुरू हो जाएगा। लेकिन यहां तो सिर्फ तारीख आगे बढ़ती जा रही है। भाजपा से अपना मुख्यमंत्री भी नहीं चुना जा रहा है। यह साफ दिखता है कि इनके पास सीएम फेस नहीं है।
————————————
मुख्यमंत्री की रेस में 6 नाम
सूत्रों के अनुसार पार्टी ने 15 विधायकों के नाम निकाले हैं। उनमें से 9 नाम शॉर्टलिस्ट किए हैं। इन्हीं 9 नामों में सीएम, कैबिनेट मंत्री और स्पीकर के नाम तय किए जाएंगे।दिल्ली मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 7 मंत्री हो सकते हैं। ऐसे में चर्चा है कि दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों से एक-एक भाजपा विधायक को चुना जा सकता है। बिहार और पंजाब चुनाव के अलावा जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते हुए इन्हें चुना जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *