ओवरस्पीडिंग पर यातायात पुलिस की सख्ती, 180 वाहनों के चालान🚦 ओवरस्पीडिंग पर यातायात पुलिस की सख्ती, 180 वाहनों के चालान
मैनपुरी। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए मैनपुरी यातायात पुलिस ने सोमवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के निर्देशन में चलाए गए अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 180 वाहनों के चालान किए गए तथा 5.10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध विशेष कार्रवाई करते हुए ओवरस्पीड के 100 चालान किए गए।
अभियान अपर पुलिस अधीक्षक नगर/यातायात अरुण कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक यातायात दीपशिखा सिंह और यातायात प्रभारी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम द्वारा चलाया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया।
- यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे तेज गति, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी से बचें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सके।
