ग्वालियर के 11 पेट्रोल पंपों पर 17 महिलाओं को “शक्ति दीदी” बनने का सुनहरा अवसर

जरूरतमंद महिलायें महिला बाल विकास या खाद्य विभाग के कार्यालय में कर सकती हैं संपर्क
ग्वालियर 17 सितम्बर 2026/ जिले में हुए “शक्ति दीदी” नवाचार की सफलता से प्रेरित होकर
पेट्रोल पंप संचालक अपने-अपने पेट्रोल पंपों पर महिलाओं को फ्यूल डिलेवरी वर्कर रखने के
लिये आगे आ रहे हैं। शहर के लगभग एक दर्जन पेट्रोल पंपों पर 17 शक्ति दीदियों की
आवश्यकता है। इच्छुक जरूरतमंद महिलायें शक्ति दीदी के रूप में सम्मानपूर्वक आत्मनिर्भर बन
सकती हैं। इच्छुक महिलायें इसके लिये कलेक्ट्रेट स्थित महिला बाल विकास विभाग अथवा
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के कार्यालय में संपर्क कर सकती हैं।
सहायक जिला आपूर्ति अधिकारी श्री सौरभ जैन ने बताया कि शहर में जिन पेट्रोल पंपों
पर शक्ति दीदी की आवश्यकता है, उनमें हुरावली स्थित एचपीसीएल सर्विस सेंटर, मेम्बर
एनर्जी सेंटर सिरोल रोड, कामतानाथ फिलिंग स्टेशन बड़ागांव, सांई हरीलीला पेट्रोल पंप
डीबी सिटी के सामने, बीपी सेल्स शहीद गेट मुरार, इन्द्रप्रस्थ फिलिंग स्टेशन गोले का मंदिर,
सुविधा फ्यूल्स कम्पू, सेठ रठीलाल बेचारदास फूलबाग, शीला संस दीनदयालनगर के सामने,
इन्द्रा ऑटो रायरू व सुरेन्द्र ऑटो रायरू शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि ग्वालियर जिले में ‘शक्ति दीदी’ के रूप में हुआ नवाचार महिला
सशक्तिकरण की प्रेरक मिसाल बन गया है। यह नवाचार जरूरतमंद महिलाओं को सम्मान के
साथ आत्मनिर्भर बनाने में महती भूमिका निभा रहा है। जिले में अब तक 127 जरूरतमंद
महिलाएं सफलतापूर्वक “शक्ति दीदी” के रूप में फ्यूल डिलीवरी वर्कर की जिम्मेदारी संभालकर
आत्मनिर्भर बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने
शक्ति दीदी नवाचार किया है। यह नवाचार जरूरतमंद महिलाओं को केवल रोजगार देने के
लिए ही नहीं , उन्हें समाज में सम्मान के साथ अपने पैरों पर खड़ा करने के उद्देश्य से किया
गया है। ‘शक्ति दीदी’ बनकर महिलाएं स्वयं की पहचान तो बना ही रही हैं, साथ ही परिवार
की आर्थिक मजबूती में भी सहभागी बनीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *