- *जनपद की मतदाता सूची में जेंडर रेशियो सुधार बेहद जरूरी, राजनैतिक दल महिलाओं के नाम शामिल कराने में करें सहयोग-मंडलायुक्त।*
*जिला प्रशासन का लक्ष्य मतदाता का नाम काटना नहीं बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल कराकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यावधिक बनाना हैै- रोल प्रेक्ष
।*रामबाबू रघुवंशी ब्यूरो दैनिक हिंदुस्तान समाज मैनपुरी
मैनपुरी 22 जनवरी,आयुक्त आगरा मंडल आगरा, रोल प्रेक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों, उप जिलाधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची प्रगाढ़ पुनरीक्षण की समीक्षा के दौरान कहा कि जिला प्रशासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने से शेष न रहे, किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न रहे। उन्होंने कहा कि सही मतदाता का नाम काटना जिला प्रशासन का लक्ष्य नहीं बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची मे शामिल कराकर जनपद की मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यावधिक बनाना हैै। उन्होंने समीक्षा के दौरान पाया कि जनपद का जेंडर रेशियो 807 है, 107-विधानसभा क्षेत्र मैनपुरी में 1000 पुरुषों के सापेक्ष 819, 108-विधानसभा क्षेत्र भोगांव में 806, 109-विधानसभा क्षेत्र किशनी में 803 एवं 110-विधानसभा क्षेत्र करहल में 801 महिला मतदाता शामिल हैं, जो काफी कम है। उन्होंने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से कहा कि जनपद की मतदाता सूची में जेंडर रेशियो सुधार में अपना सहयोग दें, 01 जनवरी 2026 को जो युवा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, उनके फॉर्म-6 भरवाकर जमा कराकर मतदाता सूची को अद्यावधिक बनाने में अपना योगदान करें। उन्होंने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से कहा कि जो भी युवा फॉर्म-6 भरें, उनमें आधार नंबर, मोबाइल नंबर अवश्य अंकित करायें, मोबाइल नंबर दर्ज होने पर इपिक से संबंधित सभी सूचना आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी, पंजीकृत मोबाइल नंबर से एन.वी.एस.पी. पोर्टल पर जाकर पूरा विवरण प्राप्त किया जा सकता है।
मंडलायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची प्रकाशन के उपरांत जनपद की मतदाता सूची में 11 लाख 77 हजार 250 मतदाता दर्ज है, ड्राफ्ट रोल पब्लिकेशन के उपरांत ऐसे मतदाता जिनकी वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग नहीं हुई है, उन्हें नोटिस जारी किए जा रहे हैं, मतदाताओं द्वारा प्राप्त नोटिस के साथ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 13 प्रमाण पत्रों में से जन्मतिथि, निवास स्थान संबंधी में से कोई एक प्रमाण पत्र उपलब्ध संलग्न करना होगा। उन्होने कहा कि जनपद मंे 90 ए.ई.आर.ओ. तैनात किए गए हैं, जो नियमित रूप से सुनवाई कर मैपिंग से वंचित मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 31 जनवरी एवं 01 फरवरी को विशेष तिथि निर्धारित की गई है, जनपद में राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी को भी स्थानीय स्तर पर विशेष अभियान संचालित होगा, ऐसे व्यक्ति जिनका नाम ड्राफ्ट रोल में नहीं है, वह प्राप्त नोटिस के साथ उक्त तिथियों में अपने बूथ पर जाकर फार्म जमा करें साथ ही ऐसे युवा जो 01 जनवरी 26 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, वह फॉर्म-6 भरकर उसके साथ सिर्फ आधार कार्ड लगाकर फॉर्म जमा करें, जांच के उपरांत उनके नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
उन्होंने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से कहा कि अपने-अपने तैनात बूथ लेवल एजेंट को जानकारी दें, प्रत्येक बी.एल.ओ. को जानकारी होनी चाहिए कि कौन-कौन से दस्तावेज फार्म-6, 7, 8 के साथ संलग्न करने हैं, जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें नोटिस के जवाब में कौन से दस्तावेज लगाने हैं, उसकी जानकारी रहे ताकि बी.एल.ए. भी जनपद की मतदाता सूची को अपडेट करने में अपना योगदान दे सकंे। उन्होने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से कहा कि पोलिंग स्टेशन के सम्भाजन के पूर्व जनपद में 1661 मतदेय स्थल एवं 1267 मतदान केन्द्र थे सम्भाजन के उपरांत वर्तमान में विधान सभा 107-मैनपुरी में 257 मतदान केन्द्र एवं 434 मतदेय स्थल, विधान सभा 108-भोगांव में 331 मतदान केन्द्र एवं 448 मतदेय स्थल, विधान सभा 109-किशनी में 331 मतदान केन्द्र एवं 423 मतदेय स्थल एवं विधान सभा 110-करहल में 354 मतदान केन्द्र एवं 503 मतदेय स्थल अवस्थित हैं, इस प्रकार जनपद की 04 विधान सभाओं मंे कुल 1273 मतदान केन्द्र एवं 1808 मतदेय स्थल अवस्थित है।
इस दौरान जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, अपर आयुक्त राजेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, उप जिलाधिकारी सदर, करहल, भोगांव, किशनी, कुरावली, घिरोर अभिषेक कुमार, सुनिष्ठा सिंह, संध्या शर्मा, गोपाल शर्मा, नीरज कुमार द्विवेदी, प्रसून कश्यप के अलावा जिलाध्यक्ष कॉग्रेस गोपाल कुलश्रेष्ठ, भारतीय जनता पार्टी से भूपेद्र यादव, शिव प्रताप सिंह राजू, वीरेश शाक्य, सपा से राम नारायण बाथम, राजीव कुमार उर्फ राजू चौधरी, मोहकम सिंह, सुरेश चन्द्र, शैलेश कुमार, सी.पी.आई.एम. से यतेन्द्र यादव एड., बसपा से दुर्गेश चन्द्र, निर्वाचन कार्यालय से विजय कुमार, सुनील मिश्रा, अवनीश सक्सैना, अजय अम्बेश आदि उपस्थित रहे।
